बड़ौद की आमसभा में गरजे कमलनाथ, मेरा जनतंत्र में विश्वास है, धन तंत्र में नहीं


रामेश्वर कारपेंटर


आगर-मालवा। आगर विधानसभा की बड़ौद तहसील में विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ विरोधियों पर जमकर गरजे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के 15 साल का कार्यकाल आप सभी ने देखा है। आपने मेरे 15 माह का कार्यकाल भी देखा है। इन 15 महीनों में भी मुझे कार्य करने के लिए केवल मुझे केवल साढ़े ग्यारह महीने मिले। इतने से समय मैंने आपके दुख-दर्द को जाना। कौन-सी गलती की, आपको मुआवजा दिया कौनसी गलती की, आपके यहां गोशालाएं बनवाई कौन-सी गलती, आपके बिजली के बिल 100 रुपए के कर दिए कौनसी गलती की, इतने कम समय से बिजली के 9 ग्रिड लगवाएं कौन सी गलती  की। 1500 करोड़ रुपए की नल जल योजना आगर जिले के लिए स्वीकृत की कौन-सी गलती की, बैजनाथ धाम विकास के लिए 5 करोड़ स्वीकृत किए कौन सी गलती की। ऐसे अनेक और भी छोटे-मोटे कार्य किए। जवाब आपको देना है क्या मैने गलती की। यदि यह सब कार्य करने के बाद भी आपको ऐसा लगता है कि मैने गलती की तो निर्णय आपके ऊपर है। आपको सही और गलत में फैसला करना है। आपको सच और झूठ का फर्क समझना है। आपको घोषणा में विश्वास करना है या कार्य में आपको यह निर्णय लेना है। 15 महीने के छोटे-से शासन काल में मेरी सरकार में भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान छेड़ा गया। शुद्ध के लिए युद्ध अभियान छेड़ा गया। कई अच्छी-अच्छी योजनाएं लागू की गई। इन सभी कार्यों को देखकर भाजपा के सत्ता लोलुप लोग बैचेन हो उठे। उन्होंने विचार किया यदि कमलनाथ सरकार इसी प्रकार से 5 वर्ष पूरे कर लेगी तो हम 50 साल तक सत्ता में वापस नहीं आ सकेंगे ।  जनमत हमारे साथ था। विधानसभा में हमारा बहुमत था। इसलिए उन्होंने अलौकतांत्रिक तरीके से धन बल के आधार पर विधायकों की खरीद-फरोख्त कर हमारी सरकार गिराई। बाबा अंबेडकर के द्वारा संविधान में जो पवित्र नियम बनाए गए उनका खुलेआम उल्लंघन किया गया। यदि हम चाहते तो धनबल का प्रयोग हम भी कर सकते थे, किंतु हमारी संस्कृति में इस प्रकार के अलोकतांत्रिक कार्यों के लिए कोई जगह नहीं है। आने वाले दिनों में 27 विधानसभाओं के उपचुनाव होने वाले है। फैसला आपको करना है। लोकतंत्र की रक्षा करना आपको करना है। गद्दारों को सबक आपको सिखाना है। जीत हमेशा सच्चाई की होती है मुझे विश्वास है यदि मै सच्चा हूं, मेरी सरकार ने यदि अच्छे कार्य किए है तो निश्चित ही आप पुन: कांग्रेस की सरकार बनाने में तन-मन-धन से सहयोग करेंगे और लोकतंत्र के गद्दारों को अवश्य सबक सिखाएंगे। 
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रतसिंह खिंची ने अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों से जनता को अवगत कराया। पूर्व प्रभारी मंत्री एवं आगर विधानसभा प्रभारी श्री जयवर्धनसिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह वहीं कमलनाथ है जिन्होंने पिछले वर्ष भी आपके दुख-दर्द में कंधा से कंधा मिलाकर आपकी सहायता की। अकेले आगर जिले में 300 करोड़ रुपए का मुआवजा वितरित किया, गोशालाएं बनवाई। सबसे महत्वपूर्ण योजना आगर जिले के लिए घर-घर जल प्रदाय योजना स्वीकृत की। आपसे विशेष निवेदन है आपका एक वोट पुन: कांग्रेस सरकार बनाने में मदद करेगा। आप कांग्रेस प्रत्याशी विपिन वानखेड़े जो लगातार आपके बीच में बने रहते है को विजय अवश्य बनाएंगे। पिछली बार भी कमलनाथजी आप लोगों के बीच एक आवाज में खड़े हो गए थे। इस बार भी प्रत्याशी सूची जारी होते ही सबसे पहले आपके क्षेत्र बड़ौद में पुन: आपके सुख-दु:ख के साथी के रूप में खड़े हो गए है। 
आगर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी विपिन वानखेड़े ने अपने संबोधन में घोषणावीरों से सावधान रहने के लिए निवेदन किया। उन्होंने कहा कुछ दिन पहले बड़बोले शिवराजसिंह आगर जिले में आए थे। किसान भाइयों को कई तरह के आश्वासन देकर गए थे। क्या उनमे से कोई भी आश्वासन पूरा हुआ, हुआ तो बताए। क्या किसी के खाते में मुआवजा राशि डली। बड़बोले शिवराज आपके बीच फिर आएंगे। बड़े-बड़े वादे करेंगे, लेकिन इस बार आपको उन झूठी घोषणाओं से सावधान रहना है। मैं पुन: आपसे निवेदन करता हूं आप कमलनाथ जी के हाथ मजबूत कीजिए और आने वाले विधानसभा चुनाव में पंजे  में मोहर लगाकर पुन: कांग्रेस की सरकार बनाइए। 
नियत समयानुसार ठीक 12.30 बजे पूर्व मुख्यमंत्री जनता के बीच आ गए थे। क्षेत्र की हजारों की भीड़ ने जय-जय कमलनाथ  के नारे लगाते हुए उनका अभिवादन किया। हजारों की भीड़ सभा स्थल पर उपस्थित थी। कार्यक्रम का संचालन जिला योजना समिति सदस्य युसूफ हुसैन बोहरा ने किया एवं आभार ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बिजानगरी श्री महेंद्रसिंह ने माना। इस अवसर पर मंच पर घट्टिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री  रामलाल मालवीय, तराना विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेश परमार, पूर्व सांसद राजगढ़ नारायणसिंह अमलाबे, दुर्गाशंकर पालीवाल, शंकरसिंह गड़बड़ा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रोजमेरी डंडेल, सेवादल की महिला जिलाध्यक्ष लीलाबाई, राव राजेन्द्रसिंह तनोडिय़ा, राव नरेंद्रसिंह तनोडिय़ा, राजमल सोनी कानड़, गुड्डू लाला, अंकुश भटनागर, एडवोकेट रमेश नारायण शर्मा, भैरूसिंह परिहार बापू, विजयलक्ष्मी गर्ग, प्रेमसिंह तंवर, प्रकाश शर्मा, नेमीचंद जैन आदि नेता उपस्थित थे। इसके साथ ही राजगढ़ और झालावाडे से आए कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे, जिसमें बापूसिंह विधायक राजगढ़, मनोज चावला विधायक आलोट, शहर कांग्रेस बड़ौद अध्यक्ष जीतू मकवाना, शिवसिंह मदकोटा, हरीसिंह हरदावदा, किशनसिंह बिजानागरी, मध्यप्रदेश कांग्रेस शिक्षा प्रकोष्ठ के आगर जिलाध्यक्ष रामेश्वर कारपेंटर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। श्री कमलनाथ ने ग्राम लोधाखेड़ी में पहुंचकर खेतों में जाकर सोयाबीन की खराब फसल का भी जायजा लिया। इसके पूर्व 11 बजे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर नलखेड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने माता की पूजा-अर्चना करने के पश्चात कार्यकर्ताओं से रुबरु हुए। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता भैरूसिंह परिहार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नलखेड़ा सुंदरलाल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बड़ागांव रामेश्वर शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुसनेर रामलाल सोंधिया, रामचंद्र दिकोन, पूर्व विधायक वल्लभभाई अंबावतिया, गोकुलसिंह यादव सहित अन्य कांग्रेस उपस्थित थे। कमलनाथ के साथ मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री द्वय श्री जयवर्धनसिंह एवं प्रियव्रतसिंह खिंची ने भी माता का पूजन किया।